31-01-2026
गेल (इंडिया) लिमिटेड
गेल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए नौ माह हेतु 5,706 करोड़ रुपये का कर पश्चात लाभ रिपोर्ट किया
नई दिल्ली, 31 जनवरी 2026: गेल (इंडिया) लिमिटेड ने 31 दिसंबर 2025 को समाप्त नौ माह के लिए प्रचालनों से 1,03,899 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया, जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 की इसी अवधि में यह 1,01,580 करोड़ रुपये था। 31 दिसंबर 2025 को समाप्त नौ माह के लिए कर पूर्व लाभ (पीबीटी) पिछले वर्ष की इसी अवधि के 12,123 करोड़ रुपये की तुलना में 7,387 करोड़ रुपये रहा और कर पश्चात लाभ (पीएटी) पिछले वर्ष की इसी अवधि में 9,263 करोड़ रुपये की तुलना में 5,706 करोड़ रुपये रहा। वित्तीय वर्ष 2024-25 में मैसर्स एसएमटीएस के साथ मध्यस्थता के निपटान के कारण 2,440 करोड़ रुपये की असाधारण आय शामिल थी।
तिमाही दर तिमाही आधार पर, वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में 35,031 करोड़ रुपये की तुलना में वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में प्रचालनों से राजस्व 34,076 करोड़ रुपये रहा। पीबीटी वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में 2,030 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछली तिमाही में यह 2,823 करोड़ रुपये था और पीएटी वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में 1,603 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछली तिमाही में यह 2,217 करोड़ रुपये था।
तिमाही के दौरान, औसत प्राकृतिक गैस ट्रांसमिशन की मात्रा 125.45 एमएमएससीएमडी रही, जबकि वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में यह 123.59 एमएमएससीएमडी थी । गैस विपणन की मात्रा 103.98 एमएमएससीएमडी रही, जो पिछली तिमाही में 105.49 एमएमएससीएमडी थी। एलएचसी की बिक्री 223 टीएमटी की तुलना में 200 टीएमटी रही और पॉलिमर की बिक्री पिछली तिमाही की तुलना में 209 टीएमटी के मुकाबले 218 टीएमटी रही।
समेकित आधार पर, प्रचालनों से राजस्व 31 दिसंबर 2025 को समाप्त नौ माह के लिए 1,06,389 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह 1,05,740 करोड़ रुपये था। 31 दिसंबर 2025 को समाप्त नौ माह के लिए पीबीटी 7,759 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह 12,856 करोड़ रुपये था। 31 दिसंबर 2025 को समाप्त नौ माह के लिए पीएटी (गैर-नियंत्रणीय ब्याज को छोड़कर) 6,098 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह 9,958 करोड़ रुपये था।
तिमाही आधार पर प्रचालनों से समेकित राजस्व वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में 35,303 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में यह 35,657 करोड़ रुपये था, जबकि वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में पीबीटी 2,165 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछली तिमाही में यह 2,565 करोड़ रुपये था। पिछली तिमाही के 1,972 करोड़ रूपए की तुलना में वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में पीएटी (गैर-नियंत्रित ब्याज़ को छोड़कर) 1,756 करोड़ रुपए था।
गेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री संदीप कुमार गुप्ता ने अवगत कराया कि वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के दौरान मुंबई नागपुर झारसुगुड़ा पाइपलाइन के 1,182 किलोमीटर को चालू किया गया है। इसके साथ ही गेल के प्रचालनगत प्राकृतिक गैस पाइपलाइन का नेटवर्क 18,000 किलोमीटर को पार कर गया है। श्री गुप्ता ने यह भी अवगत कराया कि गिफ्ट सिटी में गेल की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी गेल ग्लोबल आईएफएससी लिमिटेड (जीजीआईएल) ने अपनी स्थापना के पहले वर्ष में ही सफलतापूर्वक व्यवसाय का संचालन शुरू कर दिया है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए अंकित मूल्य का 50% की दर से अर्थात 5 रुपये प्रति शेयर अंतरिम लाभांश की घोषणा की है।