07-04-2026
गेल (इंडिया) लिमिटेड
गेल और अल्फा गैस के बीच एलएनजी कैरियर के लिए दीर्घकालिक चार्टर पार्टी समझौते पर हस्ताक्षर
गेल (इंडिया) लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक (विपणन - शिपिंग एवं अंतरराष्ट्रीय एलएनजी) श्री एस. बैरागी और अल्फा गैस की पार्टनर सुश्री अन्ना एंजेलिकॉसिस एलएनजी कैरियर के लिए एक दीर्घकालिक चार्टर अनुबंध पर हस्ताक्षर करते हुए।
7 अप्रैल 2026, नई दिल्ली : गेल (इंडिया) लिमिटेड, सार्वजनिक क्षेत्र की महारत्न कंपनी ने एलएनजी कैरियर ‘एनर्जी फिडेलिटी’ के लिए ग्रीस की अग्रणी शिपिंग कंपनी अल्फा गैस के साथ एक दीर्घकालिक चार्टर समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह चार्टर समझौता गेल और अल्फा गैस की सिंगापुर स्थित सहयोगी कंपनी पैंथियन मैरिटाइम सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के बीच संपन्न हुआ।
गेल (इंडिया) लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक (विपणन-शिपिंग एवं अंतरराष्ट्रीय एलएनजी) श्री एस. बैरागी और अल्फा गैस की मालिक सुश्री अन्ना एंजेलिकॉसिस ने एथेंस स्थित अल्फा गैस के मुख्यालय में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए।
‘एनर्जी फिडेलिटी’ नामक यह एलएनजी कैरियर 174,000 क्यूबिक मीटर की कार्गो क्षमता से लैस है। इसमें अत्याधुनिक टू-स्ट्रोक प्रोपल्शन सिस्टम लगाया गया है, जिसे एडवांस्ड एयर लुब्रिकेशन टेक्नोलॉजी और शाफ्ट जेनरेटर्स के साथ एकीकृत किया गया है। इससे ईंधन दक्षता में वृद्धि होती है और कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आती है। यह चार्टर समझौता ‘मैरिटाइम अमृत काल विज़न 2047’ के तहत गेल (इंडिया) लिमिटेड के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो भारत के समुद्री इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला को और सुदृढ़ करेगा।
गेल के बारे में:
गेल (इंडिया) लिमिटेड भारत की अग्रणी प्राकृतिक गैस कंपनी है। इसका प्राकृतिक गैस वैल्यू चेन के विभिन्न क्षेत्रों जैसे ट्रेडिंग, ट्रांसमिशन, एलपीजी उत्पादन एवं ट्रांसमिशन, एलएनजी शिपिंग, एलएनजी री-गैसिफिकेशन, पेट्रोकेमिकल्स, सिटी गैस, ई एंड पी आदि में विविध हित है। कंपनी देशभर में 18 हज़ार किलोमीटर से अधिक लंबी प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नेटवर्क का स्वामित्व एवं प्रचालन करती है।
तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) क्षेत्र में गेल का एक बड़ा और विविध एलएनजी पोर्टफोलियो है, जो दीर्घकालिक आपूर्ति सुरक्षा सुनिश्चित करता है। गेल वैश्विक स्तर पर प्रमुख एलएनजी पोर्टफोलियो विपणनकर्ताओं में भी शामिल है। अपनी लॉजिस्टिक्स इंटीग्रेशन रणनीति के तहत कंपनी ने देश का सबसे बड़ा एलएनजी फ्लीट विकसित किया है, जिससे भारत की समुद्री क्षमताएं मजबूत हुई हैं और बढ़ती घरेलू मांग को पूरा करने के लिए एलएनजी की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित होती है।
अल्फा गैस के बारे में:
अल्फा गैस ग्रीस की एक प्रमुख शिपिंग कंपनी है, जो एलएनजी शिपिंग प्रबंधन के लिए व्यापक इन-हाउस सेवाएं प्रदान करती है। इनमें टेक्निकल मैनेजमेंट, कमर्शियल ऑपरेशन्स, क्रूइंग, प्रोक्योरमेंट, नए जहाजों के निर्माण की निगरानी, तथा विश्वस्तरीय एचएसक्यूई (हेल्थ, सेफ्टी, क्वालिटी, एनवायरनमेंट) शामिल हैं।
ग्रीक शिपिंग क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में शामिल अल्फा गैस अपनी समृद्ध मैरिटाइम हेरीटेज और आधुनिक प्रचालन उत्कृष्टता के लिए जानी जाती है। शिप का स्वामित्व इसकी दीर्घकालिक विकास रणनीति के लिए केंद्रित है, जो कंपनी को दक्षता, विश्वसनीयता और लचीलेपन के साथ अग्रणी चार्टरर्स को सेवाएं प्रदान करने में सक्षम बनाता है। कंपनी अत्याधुनिक और ऊर्जा-कुशल तकनीकों से युक्त जहाजों के निर्माण और अधिग्रहण के माध्यम से अपने फ्लीट का विस्तार कर रही है। सुरक्षित, नवोन्मेषी और पर्यावरण के लिए जिम्मेदार समाधानों के लिए प्रतिबद्ध अल्फा गैस स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देती है और अपने हितधारकों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी को सुदृढ़ करती है।