प्रेस विज्ञप्ति

14-04-2026

गेल (इंडिया) लिमिटेड


गेल द्वारा उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में 700 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजनाओं में ₹3800 करोड़ का निवेश

नई दिल्ली, 14 अप्रैल 2026 गेल (इंडिया) लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र राज्य में ₹3800 करोड़ के निवेश से 700 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने की अनुमति प्रदान की है ।

इस पहल के अंतर्गत, गेल उत्तर प्रदेश में टुस्को सोलर पार्क झांसी में 550 एमडब्‍ल्‍यूएच बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) के साथ एक 600 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना विकसित करेगा । यह परियोजना मुख्य रूप से औरैया जिला में पाता स्थित गेल के पेट्रोकेमिकल संयंत्र की मूल ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करेगी ।

इसके अलावा, कंपनी महाराष्ट्र में छत्रपति संभाजी नगर जिला (पूर्व में औरंगाबाद) में 22 एमडब्‍ल्‍यूएच बीईएसएस के साथ एक 100 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करेगी । यह सुविधा मुख्य रूप से रायगढ़ जिला में उसर स्थित गेल के पीडीएच-पीपी संयंत्र की मूल आवश्यकताओं की पूर्ति करेगी ।

ये परियोजनाएं भारत के व्यापक ऊर्जा परिवर्तन लक्ष्यों के अनुरूप, गेल के नेट ज़ीरो लक्ष्यों की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि को दर्शाती हैं । साथ ही, उन्नत ऊर्जा भंडारण प्रणालियों का एकीकरण सौर ऊर्जा के कुशल उपयोग को सुनिश्चित करेगा, जिससे अनियमितता की समस्‍याओं का समाधान होगा और नवीकरणीय ऊर्जा की 24x7 उपलब्धता संभव होगी ।

इस अवसर अपने संबोधन के दौरान श्री दीपक गुप्ता, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, ने कहा, “इन परियोजनाओं के चालू होने से गेल की स्थापित नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता वर्तमान 147 मेगावाट से बढ़कर 1000 मेगावाट से अधिक हो जाएगी ।” उन्होंने आगे कहा कि यह विस्तार पर्यावरणीय जिम्मेदारी के साथ विकास को संरेखित करने और दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने की गेल की रणनीतिक दृष्टि को दर्शाता है ।

ये परियोजनाएं भारत के ऊर्जा परिवर्तन को आगे बढ़ाने में गेल की भूमिका को और सुदृढ़ करती हैं तथा पारंपरिक एवं हरित ऊर्जा परिसंपत्तियों के संतुलित पोर्टफोलियो के साथ एक एकीकृत ऊर्जा प्रमुख के रूप में इसकी स्थिति को मजबूत बनाती हैं ।

Also in this Section